Explore

Search

December 13, 2025 3:56 pm

सीवान जंक्शन पर होली को लेकर कंट्रोल रूम स्थापित

✍🏽 परवेज़ अख़्तर/एडिटर इन चीफ

यात्रियों की सुविधा व भीड़ प्रबंधन के लिए रेलवे प्रशासन अलर्ट, विशेष गाड़ियों की निगरानी जारी

होली पर्व के दौरान यात्रियों की सुविधा और भीड़ प्रबंधन को लेकर रेलवे प्रशासन ने विशेष इंतजाम किए हैं। मंडल रेल प्रबंधक विनीत कुमार श्रीवास्तव के निर्देश पर वाराणसी मंडल के प्रमुख रेलवे स्टेशनों पर अधिकारियों और कर्मचारियों की प्रतिनियुक्ति की गई है।

वाराणसी मंडल के जनसंपर्क अधिकारी अशोक कुमार ने बताया कि 15 से 18 मार्च तक मंडलीय अधिकारी कंट्रोल रूम से तीन शिफ्टों में विशेष ट्रेनों के संचालन और भीड़ प्रबंधन की निगरानी करेंगे। सिवान जंक्शन पर भी नियंत्रण कक्ष स्थापित किया गया है, जहां स्टेशन अधीक्षक कार्यालय से गतिविधियों की सघन मॉनिटरिंग की जाएगी।

रेलवे प्रशासन के अनुसार, यातायात निरीक्षक, लोको निरीक्षक, सिग्नल व टेलीकॉम निरीक्षक, विद्युत निरीक्षक, यांत्रिक निरीक्षक, रेलवे सुरक्षा बल निरीक्षक और अन्य विभागीय अधिकारी अपनी-अपनी जिम्मेदारियों का निर्वहन करेंगे। जंक्शन पर वाणिज्य विभाग द्वारा हेल्प डेस्क स्थापित किया गया है, जो 24 घंटे यात्रियों की सहायता में तत्पर रहेगा।

स्टेशन परिसर में यात्रियों को सही जानकारी देने के लिए जन-सम्बोधन प्रणाली के जरिए विशेष ट्रेनों की सूचनाएं लगातार प्रसारित की जाएंगी। गाड़ियों का संचालन अपने निर्धारित प्लेटफॉर्म से ही किया जाएगा, और यदि अपरिहार्य कारणों से प्लेटफॉर्म में बदलाव करना पड़े, तो पर्याप्त ठहराव समय देकर इसकी सूचना दी जाएगी।

जंक्शन पर सफाई और चिकित्सा व्यवस्था को दुरुस्त करने के साथ ही टिकट जांच प्रक्रिया भी सख्त कर दी गई है। अनुमानित भीड़ को देखते हुए यात्री आश्रय केंद्र बनाए जाएंगे, जिनमें पंखे, पानी, प्रकाश, एनाउंसमेंट सिस्टम और ट्रेन डिस्प्ले बोर्ड जैसी सुविधाएं सुनिश्चित की जाएंगी।

रेलवे प्रशासन ने यात्रियों से अपील की है कि वे निर्धारित नियमों का पालन करें और किसी भी समस्या के समाधान के लिए हेल्प डेस्क या नियंत्रण कक्ष से संपर्क करें।

Samay Siwan
Author: Samay Siwan

लाइव क्रिकेट स्कोर