Explore

Search

December 15, 2025 10:45 am

सीवान: आम के पेड़ से लटका मिला युवक का शव, हत्या या आत्महत्या पर संशय

✍🏽परवेज़ अख़्तर/एडिटर इन चीफ

सराय थाना क्षेत्र के सहलौर हाता गांव में मिली लाश, पुलिस जांच में जुटी

सीवान जिले के सराय थाना क्षेत्र के सहलौर हाता गांव में मंगलवार सुबह एक युवक का शव आम के पेड़ से लटका मिला, जिससे इलाके में सनसनी फैल गई। शव देखते ही ग्रामीणों ने इसकी सूचना पुलिस को दी। मौके पर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए सदर अस्पताल भेज दिया।

मृतक की पहचान प्रभुनाथ शर्मा के पुत्र अरविंद कुमार शर्मा के रूप में हुई है। मिली जानकारी के अनुसार, अरविंद सोमवार की रात खाना खाने के बाद सोने गया था, लेकिन सुबह जब ग्रामीण शौच के लिए निकले, तो उन्होंने उसे पेड़ से लटका पाया। घटना की खबर फैलते ही स्वजनों का रो-रोकर बुरा हाल हो गया, वहीं मौके पर भारी संख्या में लोग इकट्ठा हो गए।

इस मामले को लेकर ग्रामीणों का कहना है कि युवक की हत्या कर शव को पेड़ से लटकाया गया है, जबकि पुलिस इसे आत्महत्या मान रही है। सराय थानाध्यक्ष धर्मेंद्र कुमार ने बताया कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत के सही कारणों का खुलासा हो सकेगा, हालांकि प्रारंभिक जांच में यह मामला आत्महत्या का प्रतीत हो रहा है।

फिलहाल पुलिस हर पहलू पर जांच कर रही है और इस घटना के पीछे की सच्चाई जानने के लिए साक्ष्य जुटा रही है। वहीं, गांव में इस घटना को लेकर तरह-तरह की चर्चाएं हो रही हैं।

Samay Siwan
Author: Samay Siwan

लाइव क्रिकेट स्कोर