✍🏽परवेज़ अख़्तर/एडिटर इन चीफ
सिवान: सराय थाना क्षेत्र के चांप टोला टेघड़ा गांव में रविवार की देर शाम दरवाजे पर ट्रक खड़ा करने को लेकर दो पक्षों के बीच हुई हिंसक झड़प ने तूल पकड़ लिया। इस मारपीट की घटना में एक ही पक्ष के पांच लोग गंभीर रूप से घायल हो गए, जिनमें रमेश कुमार, बुचून साह, चंदन साह, नेहा कुमारी एवं मनीष साह शामिल हैं।
घायलों को स्थानीय ग्रामीणों की मदद से सदर अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां उनका इलाज चल रहा है। इनमें से बुचून साह की हालत गंभीर देखते हुए चिकित्सकों ने प्राथमिक उपचार के बाद बेहतर इलाज के लिए पटना रेफर कर दिया था, लेकिन फिलहाल उनका इलाज गोरखपुर में चल रहा है।
घटना के संबंध में घायल रमेश साह ने जानकारी देते हुए बताया कि उनके पड़ोसी छठू लाल साह विगत कई दिनों से जानबूझकर उनके घर के सामने ट्रक खड़ा कर रहे थे। रविवार को जब उन्होंने इसका विरोध किया तो छठू साह अपने करीब एक दर्जन समर्थकों के साथ लाठी-डंडा एवं धारदार हथियार से लैस होकर पहुंचे और उनके घर में घुसकर पूरे परिवार के सदस्यों की पिटाई कर दी।
इतना ही नहीं, रमेश साह के अनुसार हमलावरों ने घर की महिलाओं के साथ अश्लील हरकत की और बक्से से करीब 20 हजार रुपये नगद और कीमती आभूषण भी लूट लिए।
घटना की जानकारी मिलते ही पुलिस घटनास्थल पर पहुंची और घायलों को इलाज के लिए अस्पताल भिजवाया। इस मामले में रमेश साह के आवेदन के आधार पर सराय थाना पुलिस ने चांप टोला टेघड़ा के छठू साह, ओमप्रकाश सिंह, अशोक सिंह, विक्की कुमार, रूपेश साह, दीपु कुमार, छोटू कुमार, बाबू कुमार, अमर कुमार सिंह, अभिषेक कुमार सिंह व राजेश कुमार सिंह को नामजद करते हुए प्राथमिकी दर्ज की है।
थानाध्यक्ष धर्मेंद्र कुमार ने बताया कि मामले को गंभीरता से लिया गया है। जांच की जा रही है और कार्रवाई जारी है। फिलहाल राजेश कुमार व छोटू कुमार को गिरफ्तार कर लिया गया है।