✍🏽परवेज़ अख़्तर/एडिटर इन चीफ
सिवान: जिले में 10 फरवरी से सर्वजन दवा सेवन कार्यक्रम (एमडीए राउंड) शुरू होगा, जो 17 दिनों तक चलेगा। इस अभियान के पहले 14 दिनों तक आशा और स्वास्थ्य कर्मी घर-घर जाकर लोगों को दवा खिलाएंगे, जबकि अगले तीन दिन स्कूलों में बूथ लगाकर दवा दी जाएगी।
यह जानकारी सिविल सर्जन डॉ. श्रीनिवास प्रसाद ने सदर अस्पताल के सभागार में आयोजित प्रशिक्षण कार्यशाला के दौरान दी। उन्होंने कहा कि सभी सामुदायिक स्वास्थ्य अधिकारियों (सीएचओ) को इस अभियान के दौरान दवा सेवन के सभी पहलुओं पर विशेष ध्यान देना होगा। ग्रामीण स्तर पर शत-प्रतिशत दवा का सेवन सुनिश्चित करने में उनकी भूमिका अहम होगी।
उन्होंने यह भी कहा कि जिले के सभी हेल्थ एंड वेलनेस सेंटर (एचडब्ल्यूसी) में कार्यरत सीएचओ को प्रतिदिन दवा सेवन की कवरेज, दवा सेवन से इंकार करने वालों की संख्या और दवा सेवन के बाद होने वाली किसी भी समस्या पर नजर रखनी होगी।
जिला वेक्टर जनित रोग नियंत्रण पदाधिकारी डॉ. ओमप्रकाश लाल ने बताया कि जिले की कुल जनसंख्या 39 लाख 85 हजार 60 है, जिसमें से 34 लाख 67 हजार लोगों को इस अभियान के तहत दवा दी जाएगी।
कार्यशाला के अंत में स्वास्थ्य विभाग के सभी पदाधिकारियों और कर्मियों को अभियान को शत-प्रतिशत सफल बनाने की शपथ दिलाई गई।