✒️ परवेज अख्तर / एडिटर इन चीफ
खेल प्रतिभाओं को तराशने का राज्य स्तरीय प्रयास, जिला के कई विद्यालयों में प्रतियोगिता संपन्न
सिवान : सरकारी विद्यालयों में नामांकित छात्र-छात्राओं की खेल प्रतिभा को प्रोत्साहित करने के लिए बिहार राज्य खेल प्राधिकरण व शिक्षा विभाग के संयुक्त तत्वावधान में जिले के विभिन्न विद्यालयों में शुक्रवार को मशाल खेलकूद प्रतियोगिता का आयोजन किया गया।
प्रतियोगिता को लेकर बच्चों में गजब का उत्साह देखा गया। दारौंदा, भगवानपुर हाट और आंदर प्रखंड समेत अन्य क्षेत्रों के कई विद्यालयों में विभिन्न खेल स्पर्धाएं आयोजित की गईं, जिनमें अंडर-14 और अंडर-16 छात्र-छात्राओं ने कबड्डी, एथलेटिक्स, फुटबॉल, साइकिलिंग और वॉलीबॉल जैसी प्रतियोगिताओं में हिस्सा लिया।
दारौंदा बीईओ सौरभ सुमन ने बताया कि इस प्रतियोगिता के माध्यम से प्रतिभाशाली खिलाड़ियों का चयन कर उन्हें राज्य स्तर तक पहुंचाने की योजना है। प्रतियोगिता माध्यमिक विद्यालय पकवलिया, कोड़ारी कला, रसूलपुर नंदा टोला व बालबंगरा में आयोजित की गई।
भगवानपुर हाट प्रखंड के जुआफर स्थित उत्क्रमित उच्चतर माध्यमिक विद्यालय में बीईओ राकेश कुमार और प्रधानाध्यापक प्रदीप कुमार ने हरी झंडी दिखाकर प्रतियोगिता का शुभारंभ किया। प्रतियोगिता 26 व 27 अप्रैल को आयोजित होगी।
वहीं, आंदर प्रखंड के रकौली स्थित विद्यालय में भी कबड्डी व दौड़ की प्रतियोगिताएं कराई गईं। उद्घाटन प्रधानाध्यापक प्रशांत कुमार सिंह एवं खेल शिक्षक धर्मवीर सिंह ने किया।
प्रतियोगिता में विजयी छात्र-छात्राएं संकुल, प्रखंड, जिला और अंततः राज्य स्तर पर चयनित किए जाएंगे। राज्य स्तर पर प्रथम, द्वितीय और तृतीय स्थान प्राप्त करने वाले खिलाड़ियों को नकद पुरस्कार व मेडल दिए जाएंगे।