मौलाना इमरान ने गुलाम रसूल बलियावी को अल्पसंख्यक आयोग का अध्यक्ष बनाए जाने पर दी बधाई, भेंट किया गुलदस्ता
✒️ परवेज अख्तर / एडिटर इन चीफ
ऑल मदरसा युवा शिक्षक संघ के प्रदेश अध्यक्ष ने कहा – यह निर्णय अल्पसंख्यकों के सम्मान और भागीदारी की दिशा में सकारात्मक संकेत
सिवान : बिहार राज्य अल्पसंख्यक आयोग के गठन में जदयू नेता गुलाम रसूल बलियावी को अध्यक्ष बनाए जाने की घोषणा के साथ ही बधाइयों का सिलसिला शुरू हो गया है। ऑल मदरसा युवा शिक्षक संघ के प्रदेश अध्यक्ष मौलाना इमरान ने उन्हें फूलों का गुलदस्ता भेंट कर बधाई दी और उनके उज्जवल कार्यकाल की शुभकामना दी।

मौलाना इमरान ने कहा कि गुलाम रसूल बलियावी एक वरिष्ठ, अनुभवी और सामाजिक सरोकारों से जुड़े नेता हैं, जिन्होंने हमेशा अल्पसंख्यक समाज की आवाज बुलंद की है। उनका आयोग का अध्यक्ष बनना इस समुदाय के लिए गौरव की बात है।
उन्होंने मुख्यमंत्री नीतीश कुमार के इस फैसले की सराहना करते हुए कहा कि यह निर्णय अल्पसंख्यकों की भागीदारी और सम्मान सुनिश्चित करने की दिशा में एक मजबूत संकेत है।
संजोगवश, जब यह नियुक्ति हुई, उस समय गुलाम रसूल बलियावी सिवान के ताजवर होटल में आयोजित इदारे शरिया की एक अहम बैठक में शिरकत कर रहे थे। यह बैठक आवान इंडिया एजुकेशनल ट्रस्ट द्वारा आयोजित की गई थी। बैठक के दौरान ही उन्हें आयोग अध्यक्ष बनाए जाने की जानकारी मिली, जिसके बाद मौके पर मौजूद लोगों ने तालियों और मुबारकबाद के साथ उनका अभिनंदन किया।
आवान इंडिया ट्रस्ट के सदर इरशाद अली खान ने भी बलियावी को इस नियुक्ति पर शुभकामनाएं दीं और कहा कि यह समाज के लिए प्रेरणादायक क्षण है।
बता दें कि गुलाम रसूल बलियावी के साथ मौलाना उमर नूरानी और लखविंदर सिंह को उपाध्यक्ष नियुक्त किया गया है। आयोग में मुकेश कुमार जैन, अफरोजा खातून, अशरफ अली अंसारी, मोहम्मद शमशाद आलम, तूफेल अहमद खान कादरी, शिशिर कुमार दास, राजेश कुमार जैन और अजफर शमशी को सदस्य बनाया गया है।
मौलाना इमरान ने विश्वास जताया कि गुलाम रसूल बलियावी के नेतृत्व में अल्पसंख्यक आयोग अल्पसंख्यकों के हितों के संरक्षण में सक्रिय और प्रभावी भूमिका निभाएगा।