Explore

Search

February 9, 2026 1:27 am

सिवान : महिला संवाद में दी गई सरकारी योजनाओं की जानकारी, सैकड़ों महिलाओं ने लिया भाग

✒️ परवेज अख्तर / एडिटर इन चीफ

दारौंदा व हुसैनगंज प्रखंडों में जीविका के सौजन्य से हुआ आयोजन, महिला सशक्तीकरण पर रहा फोकस

सिवान (बिहार) : जिले के दारौंदा और हुसैनगंज प्रखंड में शुक्रवार को जीविका के तत्वावधान में “महिला संवाद” कार्यक्रम का आयोजन किया गया। इस कार्यक्रम का उद्देश्य ग्रामीण महिलाओं को सरकार द्वारा संचालित महिला सशक्तीकरण योजनाओं की जानकारी देना और उन्हें जागरूक बनाना था।

हुसैनगंज प्रखंड के मचकना में बीपीएम अमित कुमार चौधरी के नेतृत्व में हुए कार्यक्रम में बीडीओ राहुल कुमार ने लगभग 210 महिलाओं को बिहार सरकार द्वारा 2006 से चल रही महिला कल्याण योजनाओं की विस्तृत जानकारी दी। जागरूकता रथ के माध्यम से योजनाओं का प्रस्तुतीकरण भी किया गया। महिलाओं ने उत्साह से अपनी समस्याएं और सुझाव साझा किए।

दारौंदा प्रखंड के करसौत पंचायत में तुलसी एवं अनमोल जीविका महिला ग्राम संगठन द्वारा आयोजित संवाद कार्यक्रम में वीडियो फिल्म के माध्यम से विभिन्न योजनाओं की जानकारी दी गई। बीपीएम अमित प्रीतम ने बताया कि जीविका विगत 17 वर्षों से महिला सशक्तीकरण में सक्रिय भूमिका निभा रही है।

कार्यक्रम के दौरान लालती देवी जैसी कई महिलाओं की प्रेरणादायक कहानियों को साझा किया गया, जिन्होंने सतत जीविकोपार्जन योजना के तहत परचून की दुकान और बकरी पालन से आत्मनिर्भरता हासिल की है।

कार्यक्रम में मुखिया समित कुमार सिंह, मिथिलेश प्रसाद, शशि कुमार, सामुदायिक उत्प्रेरक रानी कुमारी, लेखपाल सुनीता कुमारी, और बड़ी संख्या में महिलाएं उपस्थित रहीं।

Samay Siwan
Author: Samay Siwan

लाइव क्रिकेट स्कोर