✒️ परवेज अख्तर / एडिटर इन चीफ
29 अप्रैल को आंबेडकर पार्क में होगा भव्य आयोजन, अनुसूचित वर्ग में कार्यक्रम को लेकर उत्साह
सिवान: भारतीय जनता पार्टी डा. भीमराव आंबेडकर का जन्मदिवस पखवाड़ा मना रही है। इसी क्रम में 29 अप्रैल को शहर के गोपालगंज मोड़ स्थित आंबेडकर पार्क में जन्मदिवस समारोह का आयोजन किया जाएगा। इसकी तैयारी को लेकर रविवार को आंबेडकर पार्क में प्रेसवार्ता का आयोजन हुआ।
प्रेसवार्ता में जिलाध्यक्ष राहुल तिवारी ने बताया कि पार्टी ने डा. भीमराव आंबेडकर के जन्मदिवस के उपलक्ष्य में 15 दिन का पखवाड़ा मनाने का निर्णय लिया है, जो जिला स्तर से लेकर गांव स्तर तक आयोजित हो रहा है। 29 अप्रैल को आयोजित होने वाले समारोह को लेकर जिले के अनुसूचित वर्ग के लोगों में भारी उत्साह है। कार्यक्रम को ऐतिहासिक बनाने की तैयारी हो रही है। राहुल तिवारी ने कहा कि समाज में बाबा साहब के नाम पर फैलाए गए भ्रम को इस अवसर पर दूर किया जाएगा और उनके जीवन एवं चरित्र को पत्रक के माध्यम से जनता तक पहुंचाया जाएगा।
दारौंदा विधायक करणजीत सिंह उर्फ व्यास सिंह ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने डा. भीमराव आंबेडकर को सच्चा सम्मान दिया है। समारोह में बिहार सरकार के स्वास्थ्य सह विधि मंत्री मंगल पांडेय, अनुसूचित जनजाति कल्याण मंत्री जनक राम और भाजपा अनुसूचित मोर्चा प्रदेश अध्यक्ष सह विधायक लखेंद्र पासवान मुख्य अतिथि के रूप में शामिल होंगे।
कार्यक्रम संयोजक शर्मानंद राम ने बताया कि अनुसूचित वर्ग के कार्यकर्ता निमंत्रण पत्र लेकर जिले के सभी गांवों और टोलों में जा रहे हैं ताकि अधिक से अधिक लोगों की भागीदारी सुनिश्चित हो सके। प्रदेश मंत्री नंद प्रसाद चौहान ने कांग्रेस पर हमला बोलते हुए कहा कि कांग्रेस ने डा. आंबेडकर का केवल इस्तेमाल किया और उन्हें अपमानित करने का काम किया।
इस अवसर पर युवा मोर्चा अध्यक्ष त्रिलोकी सिंह पटेल, जिला उपाध्यक्ष धनंजय सिंह, मुकेश कुमार बंटी, जिला महामंत्री हरेंद्र कुशवाहा, जिला मंत्री कुंदन सिंह, गोविंद बसु, मीडिया प्रभारी देवेंद्र गुप्ता समेत कई कार्यकर्ता उपस्थित थे।