Explore

Search

April 20, 2026 2:34 am

सिवान: पुलिस मुठभेड़ में बदमाश सुनील कुमार घायल, फर्जी एनकाउंटर का लगाया आरोप

सिवान: पुलिस मुठभेड़ में बदमाश सुनील कुमार घायल, फर्जी एनकाउंटर का लगाया आरोप
✒️ परवेज अख्तर / एडिटर इन चीफ

लक्ष्मीपुर में पुलिस और अपराधी के बीच मुठभेड़, बदमाश ने पुलिस पर गंभीर आरोप लगाए

सिवान : नगर थाना क्षेत्र के लक्ष्मीपुर में शनिवार और रविवार की मध्यरात्रि पुलिस और एक बदमाश के बीच हुई मुठभेड़ में सुनील कुमार सिंह नामक युवक घायल हो गया। पुलिस की गोली उसके पैर में लगी, जिसके बाद उसे इलाज के लिए सिवान सदर अस्पताल में भर्ती कराया गया है।

नगर थाना इंस्पेक्टर राजू कुमार ने बताया कि घायल बदमाश सुनील कुमार लक्ष्मीपुर का निवासी है और वह एमएम कॉलोनी निवासी अशरफ को दो लाख रुपये में हत्या की साजिश रच रहा था। अशरफ और सुनील के भाई श्रवण के बीच डेढ़ कट्ठा जमीन को लेकर विवाद है।

इंस्पेक्टर ने बताया कि सुनील को शनिवार देर शाम गिरफ्तार किया गया था। हथियार की बरामदगी और जांच के लिए उसे उसके घर ले जाया गया। इसी दौरान सुनील ने छुपाकर रखे पिस्टल से पुलिस पर फायरिंग की, जिसके जवाब में पुलिस ने उसके पैर में गोली मारी। घटनास्थल से एक पिस्टल, एक मैगजीन, एक खोखा व तीन जिंदा गोली बरामद की गई है।

वहीं, अस्पताल में इलाज के दौरान सुनील कुमार ने पुलिस मुठभेड़ को फर्जी बताते हुए गंभीर आरोप लगाए। उसने मीडिया के सामने दावा किया कि पुलिस उसे पहले ही गिरफ्तार कर थाना लाई थी और रविवार सुबह उसे घर ले जाकर गोली मारी गई।

सुनील ने यह भी आरोप लगाया कि पुलिस ने उसकी कार को जबरन घर से उठाया और नगर थाना प्रभारी पर दबाव बनाकर फर्जी केस में फंसाया जा रहा है।

मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस उच्चाधिकारियों द्वारा जांच की संभावना जताई जा रही है। वहीं, घटनास्थल और अस्पताल में भीड़ जुटी रही, और लोग पूरे मामले को लेकर तरह-तरह की चर्चाएं कर रहे हैं।

Samay Siwan
Author: Samay Siwan

लाइव क्रिकेट स्कोर