Explore

Search

January 19, 2026 7:02 am

सिवान : ट्रेन में महिला यात्री की गुहार पर रेलवे ने बच्चे के लिए कराया गर्म दूध उपलब्ध

ट्रेन में महिला यात्री की गुहार पर रेलवे ने बच्चे के लिए कराया गर्म दूध उपलब्ध
✒️ परवेज अख्तर / एडिटर इन चीफ
सिवान जंक्शन पर दिखाई गई तत्परता, ‘रेल मदद’ ऐप के जरिये पहुंचाई गई सेवा

सिवान : भारतीय रेलवे ने एक बार फिर अपनी सेवा और संवेदनशीलता का परिचय देते हुए गुरुवार को 12524 नई दिल्ली-न्यू जलपाईगुड़ी एक्सप्रेस में सफर कर रही एक महिला यात्री की मांग पर सिवान जंक्शन पर उनके बच्चे के लिए गर्म दूध उपलब्ध कराया।

वाराणसी मंडल के जनसंपर्क अधिकारी अशोक कुमार ने बताया कि वरिष्ठ मंडल वाणिज्य प्रबंधक शेख रहमान के नेतृत्व में ‘रेल मदद’ ऐप, हेल्पलाइन नंबर 139, एसएमएस और वेब के माध्यम से आने वाली शिकायतों और अनुरोधों का गुणवत्तापूर्ण व त्वरित समाधान किया जा रहा है।

इसी क्रम में ट्रेन संख्या 12524 की ए-1 कोच में बर्थ संख्या 33 पर यात्रा कर रहीं अंजू देवी ने अपने छोटे बच्चे के लिए गर्म दूध की मांग ‘रेल मदद’ के माध्यम से की थी। ट्रेन में पैंट्री कार नहीं होने के कारण वाराणसी मंडल के कमर्शियल कंट्रोल में तैनात अनिल यादव ने सूचना सिवान के मंडल वाणिज्य अधीक्षक प्रणव प्रभाकर को दी।

प्रणव प्रभाकर ने तत्परता दिखाते हुए सिवान जंक्शन पर ड्यूटी पर तैनात टिकट निरीक्षक निशा कुमारी को दूध की व्यवस्था करने का निर्देश दिया। ट्रेन के सिवान पहुंचने से पूर्व निशा कुमारी ने गर्म दूध का प्रबंध किया और स्टेशन पहुंचते ही अंजू देवी को यह उपलब्ध कराया गया।

महिला यात्री ने रेलवे की इस त्वरित और सहायक पहल के लिए आभार जताया।

बताया गया कि मंडल रेल प्रबंधक विनीत कुमार श्रीवास्तव के निर्देशन में वाराणसी मंडल लगातार यात्रियों को बेहतर सुविधाएं देने की दिशा में कार्य कर रहा है और यात्रियों की जरूरतों पर विशेष ध्यान दिया जा रहा है।

Samay Siwan
Author: Samay Siwan

लाइव क्रिकेट स्कोर