✍🏽 परवेज़ अख़्तर/एडिटर इन चीफ
रेलवे ने बेटिकट यात्रियों पर कार्रवाई की प्रक्रिया को पूरी तरह डिजिटल करने की दिशा में कदम बढ़ा दिया है। अब ट्रेन में ड्यूटी करने वाले चेकिंग स्टाफ को बिना टिकट यात्रा करने वाले यात्रियों का ब्योरा ऑनलाइन कंप्यूटर पर लोड करना अनिवार्य होगा। रेलवे इस व्यवस्था को धरातल पर उतारने की तैयारियों में जुटा है।
इसके लिए टीटीई लॉबी के नाम से कंप्यूटर में एक प्रोफार्मा लोड किया गया है, जिसमें चेकिंग स्टाफ को अपनी ड्यूटी के दौरान बेटिकट यात्रियों की जानकारी दर्ज करनी होगी। ट्रेन में ड्यूटी पर जाने से पहले चेकिंग स्टाफ को ऑनलाइन उपस्थिति दर्ज करनी होगी, फिर ड्यूटी के दौरान पकड़े गए बेटिकट यात्रियों की जानकारी और वसूली गई जुर्माने की राशि कंप्यूटर के डेटाशीट में अपलोड करनी होगी।
रेलवे अधिकारियों के मुताबिक, यह प्रक्रिया सुनिश्चित करेगी कि यात्रियों से संबंधित जानकारी, जुर्माना, बोगी और बर्थ नंबर जैसी सूचनाएं पूरी तरह से डिजिटल रिकॉर्ड में सुरक्षित रहें। बेटिकट यात्रियों से वसूले गए जुर्माने और टिकट की पूरी जानकारी टीटीई लॉबी में ऑनलाइन सबमिट करनी होगी।
क्या कहते हैं अधिकारी?
अशोक कुमार, जनसंपर्क अधिकारी, वाराणसी ने बताया कि ट्रेन में ड्यूटी करने वाले चेकिंग स्टाफ को अब बिना टिकट यात्रा करने वाले यात्रियों का ब्योरा ऑनलाइन कंप्यूटर पर लोड करना होगा। इसके लिए टीटीई लॉबी के नाम से बनाए गए प्रोफार्मा में यह जानकारी सबमिट करनी अनिवार्य होगी।