मां बहन योजना से महिलाओं के जीवन में आएगी खुशहाली : डॉ. एहतेशाम
✒️ परवेज अख्तर / एडिटर इन चीफ
लकड़ीनबीगंज के पड़ौली पंचायत में महिला चौपाल आयोजित, 200 महिलाओं का पंजीकरण
लकड़ीनबीगंज प्रखंड के पड़ौली पंचायत में मंगलवार को प्रदेश कांग्रेस प्रतिनिधि डॉ. ख्वाजा एहतेशाम अहमद के नेतृत्व में महिला चौपाल का आयोजन किया गया। कार्यक्रम की अध्यक्षता प्रखंड उपाध्यक्ष फैजान सिद्दीकी ने की।
चौपाल में डॉ. एहतेशाम ने कहा कि “मां बहन योजना” बिहार की गरीब और वंचित महिलाओं के लिए संजीवनी साबित होगी। उन्होंने बताया कि इस योजना के तहत 18 वर्ष से अधिक आयु की जरूरतमंद महिलाओं को हर माह ₹2500 तथा सालाना ₹30000 की सहायता राशि सीधे खाते में भेजी जा रही है।
उन्होंने कहा कि ग्रामीण क्षेत्रों में महिलाओं की आर्थिक स्थिति बेहद दयनीय है। मध्यान्ह भोजन पकाने वाली महिलाओं को मात्र ₹1650 प्रतिमाह मिलते हैं, जो अपमानजनक है। मां बहन योजना न सिर्फ उन्हें आर्थिक मजबूती देगी, बल्कि आत्मनिर्भरता का रास्ता भी खोलेगी।
कार्यक्रम में महिलाओं की भारी भीड़ उमड़ी। कांग्रेस कार्यकर्ताओं द्वारा लगभग 200 महिलाओं का ऑनलाइल पंजीकरण कराया गया।
अखिल भारतीय कांग्रेस कमेटी के पर्यवेक्षक मोहम्मद चांद शेख ने बताया कि योजना का पंजीकरण पूरी तरह ऑनलाइन है और प्रत्येक लाभार्थी को अपने मोबाइल नंबर से मिस कॉल करना अनिवार्य है, तभी पंजीकरण मान्य होगा।
इस दौरान कांग्रेस नेता शशिकांत पासवान, फैजान सिद्दीकी, गोरेयाकोठी युवा कांग्रेस अध्यक्ष रिजवान अहमद समेत सैकड़ों ग्रामीण मौजूद रहे।