✍🏽परवेज़ अख़्तर/एडिटर इन चीफ
14 अप्रैल को कलश यात्रा के साथ होगा शुभारंभ, 22 अप्रैल को पूर्णाहुति
रघुनाथपुर (सिवान): प्रखंड मुख्यालय स्थित चकरी बाजार के रामजानकी मंदिर परिसर में गुरुवार को नवयुवक दल दुर्गा मंदिर ट्रस्ट की बैठक आयोजित की गई। इसमें नौ दिवसीय मां दुर्गा मंदिर प्राण प्रतिष्ठात्मक शतचंडी महायज्ञ की तैयारियों पर चर्चा की गई।
बैठक में मठाधीश पुरुषोत्तम दास और पड़ेजी धाम के महंत काशीदास महाराज ने महायज्ञ की रूपरेखा और सफलता के लिए आवश्यक तैयारियों पर प्रकाश डाला। पूजा समिति के अध्यक्ष राजेश प्रसाद ने बताया कि महायज्ञ का शुभारंभ 14 अप्रैल को भव्य कलश यात्रा से होगा, जबकि 22 अप्रैल को हवन-पूजन के साथ पूर्णाहुति होगी।
महायज्ञ के दौरान धार्मिक आयोजनों की भव्यता बढ़ाने के लिए विशेष कार्यक्रम तय किए गए हैं। कथा वाचन के लिए गाजीपुर से पीयूष महाराज पधारेंगे, जबकि वृंदावन के कलाकारों द्वारा रासलीला और रामलीला का आयोजन होगा। इसके अलावा, उत्तर प्रदेश की झांकी टीम भी अपने आकर्षक प्रदर्शन से श्रद्धालुओं का मन मोह लेगी।
महायज्ञ को और भव्य बनाने के लिए 151 देवी-देवताओं की प्रतिमाएं बनाई गई हैं। श्रद्धालुओं और बच्चों के मनोरंजन के लिए डिजनीलैंड, मौत का कुआं, झूला आदि लगाए जाएंगे। यज्ञ के दौरान प्रतिदिन भंडारे का आयोजन किया जाएगा। आयोजन समिति ने बताया कि यज्ञ मंडप का निर्माण पूरा हो चुका है और सजावट का कार्य जारी है।
इस अवसर पर समिति के उपाध्यक्ष अरविंद यादव, कोषाध्यक्ष राजीव रंजन पांडेय, मीडिया प्रभारी सुजीत कुमार निराला, सह कोषाध्यक्ष तूफानी प्रसाद, योगेंद्र व्यास, संजीव श्रीवास्तव, फागू राम, रामबिगु साह, सुरेश शर्मा, शारदानंद सिंह समेत अन्य सदस्य उपस्थित रहे।