Explore

Search

December 15, 2025 11:09 am

रघुनाथपुर: एक ही परिवार के दो मासूम भाई-बहन की 24 घंटे में संदिग्ध परिस्थिति में मौत

✍🏽परवेज़ अख़्तर/एडिटर इन चीफ

दूध पीने के बाद हुई मासूमों की मौत, पुलिस और स्वास्थ्य विभाग जांच में जुटे

रघुनाथपुर थाना क्षेत्र के रघुनाथपुर बाजार स्थित एक मकान में 24 घंटे के भीतर एक ही परिवार के दो मासूम भाई-बहन की संदिग्ध परिस्थिति में मौत हो गई। इस घटना से इलाके में सनसनी फैल गई है। मृतकों की पहचान अंकुर गांगुली के चार वर्षीय पुत्र अर्पण गांगुली और तीन वर्षीय पुत्री सरया कुमारी के रूप में हुई है।

परिजनों के अनुसार, सोमवार को सरया दूध पीकर सो गई, लेकिन कुछ देर बाद उसमें कोई हलचल नहीं हुई। जब उसकी मां ज्योति कुमारी ने देखा तो घबराकर उसे सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र ले गईं, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। घटना से परिवार अभी उबर भी नहीं पाया था कि मंगलवार को उसके भाई अर्पण गांगुली की भी दूध पीने के बाद हालत बिगड़ गई। उसे भी अस्पताल ले जाया गया, लेकिन डॉक्टरों ने उसे भी मृत घोषित कर दिया।

24 घंटे में दो मासूमों की मौत से परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा और पूरे गांव में मातम पसर गया। घटना की सूचना मिलते ही स्थानीय पुलिस और स्वास्थ्य विभाग की टीम मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर दी। पुलिस ने एहतियातन दूध को जब्त कर फ्रिज में रखवा दिया और घर के कमरे को सील कर दिया है। वहीं, अर्पण के शव का पंचनामा कर पोस्टमार्टम के लिए सदर अस्पताल भेजा गया।

थानाध्यक्ष विजय कुमार चौधरी ने बताया कि मामले की गंभीरता को देखते हुए जांच जारी है। बच्चों की मौत के सही कारणों का पता पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही चल सकेगा। इस रहस्यमयी घटना को लेकर इलाके में तरह-तरह की चर्चाएं हो रही हैं।

Samay Siwan
Author: Samay Siwan

लाइव क्रिकेट स्कोर