✍🏽परवेज़ अख़्तर/एडिटर इन चीफ
पुलिस और स्वास्थ्य विभाग कर रहे जांच, पोस्टमार्टम रिपोर्ट का इंतजार
रघुनाथपुर बाजार स्थित एक मकान में 24 घंटे के अंदर एक ही परिवार के दो मासूम भाई-बहन की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत का सनसनीखेज मामला सामने आया है। मृतकों की पहचान अंकुर गांगुली के चार वर्षीय पुत्र अर्पण गांगुली और तीन वर्षीय पुत्री सरया कुमारी के रूप में हुई है।
स्वजन के अनुसार, सोमवार को सरया दूध पीकर सो गई, लेकिन कुछ देर बाद उसमें कोई हरकत नहीं हुई। परिजन उसे लेकर सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पहुंचे, जहां चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया। इस घटना से परिवार अभी उबरा भी नहीं था कि मंगलवार को मृतका का भाई अर्पण भी दूध पीने के बाद अचेत हो गया। स्वजन उसे इलाज के लिए अस्पताल ले गए, लेकिन वहां चिकित्सकों ने उसे भी मृत घोषित कर दिया।
इस घटना के बाद इलाके में संस्पेंस और चिंता का माहौल बन गया। स्वजनों के करुण क्रंदन से माहौल गमगीन हो गया। स्थानीय लोगों ने घटना की सूचना पुलिस को दी, जिसके बाद पुलिस और स्वास्थ्य विभाग की टीम मौके पर पहुंची और जांच शुरू की।
जांच के तहत पुलिस ने शेष दूध को जब्त कर फ्रिज में रखवाया और कमरे को सील कर दिया। पुलिस ने अर्पण के शव का पंचनामा कर पोस्टमार्टम के लिए सदर अस्पताल भेज दिया।
इस संबंध में थानाध्यक्ष विजय कुमार चौधरी ने बताया कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत के सही कारणों का पता चल सकेगा। पुलिस इस घटना में किसी साजिश की भी संभावना देख रही है और सभी संभावित बिंदुओं पर जांच की जा रही है।