Explore

Search

December 15, 2025 10:16 am

मैरवा: प्रेमी से नाराज युवती ने ट्रेन के आगे लगाई छलांग, बची जान

✍🏽परवेज़ अख़्तर/एडिटर इन चीफ

गंभीर रूप से घायल युवती सदर अस्पताल रेफर, प्रेम प्रसंग का मामला

मैरवा रेलवे स्टेशन पर रविवार को प्रेमी से नाराज एक युवती ने बिहार संपर्क क्रांति एक्सप्रेस के सामने छलांग लगाकर आत्महत्या करने की कोशिश की। हालांकि, गनीमत रही कि वह बच गई, लेकिन गंभीर रूप से घायल हो गई। मौके पर पहुंची आरपीएफ और जीआरपी की टीम ने स्थानीय लोगों की सहायता से उसे रेफरल अस्पताल पहुंचाया, जहां प्राथमिक उपचार के बाद उसे सदर अस्पताल रेफर कर दिया गया।

प्राप्त जानकारी के अनुसार, घायल युवती गोपालगंज के बरौली क्षेत्र की निवासी है। बताया जाता है कि वह काफी देर से रेलवे स्टेशन के प्लेटफॉर्म पर बैठी थी, लेकिन किसी को भी उसके इरादे का अंदाजा नहीं था। जैसे ही बिहार संपर्क क्रांति एक्सप्रेस स्टेशन पर पहुंची, युवती अचानक ट्रेन के आगे कूद गई। मौके पर मौजूद यात्रियों की चीख-पुकार से स्टेशन पर अफरा-तफरी मच गई।

रेलवे पुलिस और स्थानीय लोगों ने तुरंत उसे रेलवे ट्रैक से हटाकर अस्पताल पहुंचाया। चिकित्सकों ने बताया कि युवती के सिर में गंभीर चोटें आई हैं, इसलिए उसे बेहतर इलाज के लिए सदर अस्पताल रेफर किया गया है।

प्रारंभिक जांच में प्रेम प्रसंग का मामला सामने आ रहा है। बताया जा रहा है कि युवती अपने प्रेमी से किसी बात को लेकर नाराज थी, जिसके चलते उसने यह कदम उठाया। हालांकि, पुलिस युवती से पूछताछ कर पूरे मामले की सच्चाई पता लगाने में जुटी है।

Samay Siwan
Author: Samay Siwan

लाइव क्रिकेट स्कोर