जन आशीर्वाद यात्रा के दूसरे दिन नीतीश द्विवेदी के नेतृत्व में उमड़ा जनसैलाब
✒️ परवेज अख्तर / एडिटर इन चीफ
लेरुआ से भगौछा तक यात्रा, महाराजगंज की जनता से भावनात्मक संवाद
महाराजगंज (सिवान): विकासशील इंसान पार्टी (वीआईपी) की जन आशीर्वाद यात्रा के दूसरे दिन सोमवार को भारी भीड़ उमड़ी। यह यात्रा पार्टी के राष्ट्रीय सचिव नीतीश कुमार द्विवेदी के नेतृत्व में लेरुआ से शुरू होकर तक्कीपुर पंचायत के ग्राम भगौछा स्थित स्कूल तक पहुंची।
द्विवेदी ने जनसभा को संबोधित करते हुए कहा कि यह वर्ष केवल नई सरकार चुनने का नहीं, बल्कि महाराजगंज के भविष्य को संवारने का अवसर है। उन्होंने बताया कि बिहार के पूर्व मंत्री मुकेश सहनी और पूर्व उपमुख्यमंत्री तेजस्वी यादव के निर्देश पर वह इस यात्रा पर निकले हैं।
महाराजगंज की धरती को प्रणाम करते हुए उन्होंने कहा, “मैं यहां वोट नहीं, आशीर्वाद लेने आया हूं। यह मेरा जन्मभूमि है और अबकी बार अपने बेटे को ही मौका दीजिए, न कि किसी बाहरी को।”
उन्होंने पिछली सरकारों पर कटाक्ष करते हुए कहा कि यहां से जीतने वाले बाहरी नेता चुनाव के बाद जनता को भूल जाते हैं। महागठबंधन को उन्होंने “गुलदस्ता” बताया जिसमें तेजस्वी यादव और मुकेश सहनी जैसे नेता बिहार के विकास की सोच के साथ एकजुट हैं।
नीतीश द्विवेदी ने कहा कि अब हर क्षेत्र में स्थानीय नेतृत्व को प्राथमिकता दी जाएगी ताकि जनसमस्याओं का समाधान जमीनी स्तर पर हो सके।