✍🏽परवेज़ अख़्तर/एडिटर इन चीफ
बड़हरिया : बड़हरिया प्रखंड कार्यालय सभागार में बुधवार को प्रखंड प्रमुख रहीमा खातून, बीडीओ संदीप कुमार व बीपीआरओ सूरज कुमार की अध्यक्षता में पंचायत समिति की बैठक आयोजित की गई। बैठक में सभी पंचायत समिति सदस्य और मुखिया उपस्थित थे, जहां विभिन्न विकास मुद्दों पर गहन चर्चा की गई।
नल जल और पानी में गड़बड़ी की शिकायतें
बैठक के दौरान पंचायत समिति सदस्य पप्पू अहमद ने नल जल व्यवस्था में गड़बड़ी की शिकायत की, विशेष रूप से नवलपुर पंचायत के वार्ड संख्या छह, सात और आठ में। उन्होंने संबंधित अधिकारियों को कटघरे में खड़ा करते हुए गड़बड़ी की पोल खोली। पंचायत समिति सदस्य जुनैद रिजवी ने नल जल में आर्सेनिक और यूरेनियम की मात्रा बढ़ने की समस्या पर चर्चा की और कहा कि सभी पंचायतों में नल जल व्यवस्था खराब है।
शिक्षा में भ्रष्टाचार और वेतन की समस्या
शिक्षा विभाग में भ्रष्टाचार पर भी चर्चा हुई, जहां रिजवी ने प्रखंड शिक्षा पदाधिकारी पर आरोप लगाया कि वह अपने चहेते शिक्षकों के माध्यम से मध्याह्न भोजन (MDM) में पैसे की उगाही करते हैं। उन्होंने यह भी बताया कि 18 महीने से सफाई कर्मियों का वेतन नहीं दिया गया है।
बीडीओ ने समस्याओं का समाधान का आश्वासन दिया
बैठक के दौरान पंचायत समिति सदस्य और मुखिया ने नल जल व्यवस्था को सुचारु करने की मांग की। बीडीओ संदीप कुमार ने कहा कि सभी शिकायतों की जांच कर उन्हें सुधारने का प्रयास किया जाएगा। साथ ही, संबंधित पदाधिकारियों के खिलाफ कार्रवाई की जाएगी।
मौजूद थे ये लोग: अंचलाधिकारी सरफराज अहमद, प्रखंड शिक्षा पदाधिकारी राजीव कुमार पांडेय, प्रभारी चिकित्सा पदाधिकारी प्रभात कुमार, कार्यपालक सहायक कुमार चित्रांश, उप प्रमुख वकील अहमद, मुखिया नारायण यादव सहित अन्य कर्मी और जनप्रतिनिधि।