Explore

Search

December 15, 2025 10:59 am

दरौली: सरयू नदी में रील बनाने के दौरान डूबे तीन युवक, मौत

✍🏽 परवेज़ अख़्तर/एडिटर इन चीफ

दरौली (सिवान): सरयू नदी के पीपा पुल पर गुरुवार की दोपहर रील बनाने के दौरान तीन युवकों की नदी में डूबने से मौत हो गई। मृतकों की पहचान कन्हौली निवासी धर्मेंद्र पांडेय के पुत्र रितेश पांडेय (20), चंदन तिवारी के पुत्र सन्नी तिवारी (22) और शंकर तिवारी के पुत्र सूरज तिवारी (18) के रूप में हुई है। घटना के बाद पूरे इलाके में शोक की लहर दौड़ गई।

बताया जाता है कि तीनों युवक बाइक से दरौली पहुंचे थे और पीपा पुल पर चढ़कर रील बना रहे थे। इसी दौरान अचानक पैर फिसल जाने से तीनों नदी में गिर गए। युवकों को डूबते देख स्थानीय लोगों ने शोर मचाया, जिसके बाद मौके पर भारी संख्या में भीड़ जुट गई। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस प्रशासन हरकत में आ गया।

सीओ विद्याभूषण कुमार भारती, थानाध्यक्ष रौशन कुमार, अनिल कुमार सिंह और अजय कुमार घटनास्थल पर पहुंचे और डूबे युवकों की तलाश शुरू कराई। गोताखोरों व नाविकों की मदद से घंटों की मशक्कत के बाद तीनों को नदी से बाहर निकाला गया और इलाज के लिए दरौली अस्पताल ले जाया गया, जहां चिकित्सकों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया।

घटना की सूचना मिलते ही मृतकों के परिजन अस्पताल पहुंचे और दहाड़ मारकर रोने लगे। पूरे गांव में मातम पसरा हुआ है और स्वजन बदहवास हैं। पुलिस ने शवों का पंचनामा कर पोस्टमार्टम के लिए सदर अस्पताल भेज दिया। इस दर्दनाक घटना से पूरे क्षेत्र में शोक की लहर दौड़ गई है, और लोग इसे सोशल मीडिया के प्रति युवाओं के बढ़ते आकर्षण और असावधानी का नतीजा बता रहे हैं।

Samay Siwan
Author: Samay Siwan

लाइव क्रिकेट स्कोर