Explore

Search

January 24, 2026 3:03 pm

तरवारा : बाइक लूट का विरोध करने पर स्वर्ण व्यवसायी को मारी दो गोली, हालत गंभीर

बाइक लूट का विरोध करने पर स्वर्ण व्यवसायी को मारी दो गोली, हालत गंभीर
✒️ परवेज अख्तर / एडिटर इन चीफ

सीने और कमर में लगी गोली, बदमाश लूटी गई बाइक के साथ फरार

तरवारा (सिवान): जीबी नगर थाना क्षेत्र के महाराजगंज रोड स्थित बजरहियां-नौतन पुल के समीप सोमवार की रात लूट की कोशिश का विरोध करना एक युवक को भारी पड़ गया। बाइक लूट का विरोध करने पर नकाबपोश बदमाशों ने 18 वर्षीय स्वर्ण व्यवसायी सौरभ सोनी को दो गोली मार दी। घटना के बाद इलाके में दहशत का माहौल है।

घायल युवक की पहचान तरवारा बाजार सोनारपट्टी निवासी सुदामा सोनी के पुत्र सौरभ सोनी के रूप में हुई है। उसे गंभीर हालत में सदर अस्पताल लाया गया जहां प्राथमिक उपचार के बाद उसे पीएमसीएच रेफर किया गया। हालांकि स्वजनों की सहमति से रात में ही शहर के एक निजी क्लिनिक में इलाज कराया गया।

घटना उस वक्त हुई जब सौरभ अपने मित्र राहुल सोनी के साथ ग्लैमर बाइक से कहीं से लौट रहा था। जैसे ही दोनों युवक बजरहियां-नौतन पुल के समीप पहुंचे, तभी एक बाइक पर सवार तीन नकाबपोश बदमाशों ने उन्हें घेर लिया और बाइक छीनने की कोशिश करने लगे। डर के मारे राहुल वहां से भाग गया, लेकिन सौरभ ने हिम्मत दिखाते हुए लूट का विरोध किया।

इस पर बदमाशों ने पहले सौरभ को सीने के दाहिने हिस्से में गोली मारी, फिर कमर के बाएं हिस्से में दूसरी गोली दाग दी। इसके बाद बदमाश उसकी ग्लैमर बाइक लेकर फरार हो गए। गोली लगते ही सौरभ वहीं गिर पड़ा और बेहोश हो गया।

कुछ देर बाद राहुल वापस लौटकर आया और परिजनों को सूचना दी। परिवार वालों ने आनन-फानन में सौरभ को अस्पताल पहुंचाया। फिलहाल उसकी स्थिति गंभीर बताई जा रही है।

घटना की सूचना पर पुलिस भी अस्पताल पहुंची और घायल का बयान दर्ज कर मामले की जांच शुरू की। जीबी नगर थानाध्यक्ष रितेश कुमार मंडल ने बताया कि घटना के संबंध में कुछ अहम सुराग मिले हैं और जल्द ही मामले का खुलासा कर लिया जाएगा। पुलिस की एक टीम बदमाशों की तलाश में लगातार छापेमारी कर रही है।

Samay Siwan
Author: Samay Siwan

लाइव क्रिकेट स्कोर