✍🏽 परवेज़ अख़्तर/एडिटर इन चीफ
जीरादेई (सिवान): थाना क्षेत्र के जीरादेई पेट्रोल पंप के समीप गुरुवार दोपहर दो बाइकों की आमने-सामने की टक्कर में दो युवकों की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि दो अन्य घायल हो गए। हादसे में दोनों बाइक पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गईं।
मृतकों में मुफस्सिल थाना क्षेत्र के भंटापोखर निवासी रूपलाल राम के 18 वर्षीय पुत्र मनीष राम की पहचान हुई है, जबकि दूसरे मृतक की पहचान समाचार लिखे जाने तक नहीं हो सकी थी। स्थानीय लोगों के अनुसार, दोनों बाइकों की रफ्तार बहुत तेज थी, जिससे टक्कर इतनी भीषण हुई कि युवक करीब 25 फीट ऊपर उछलकर सड़क पर गिर पड़े और मौके पर ही दम तोड़ दिया।
सूचना मिलते ही पुलिस घटनास्थल पर पहुंची और शवों को पोस्टमार्टम के लिए सदर अस्पताल भेज दिया।
होली से पहले बुझ गया घर का चिराग
मनीष राम के घरवालों को जब यह खबर मिली तो घर में कोहराम मच गया। मनीष हाल ही में इंटर की परीक्षा देकर अपने दोस्त के साथ बाइक से जीरादेई मोड़ गया था, लेकिन होली से पहले ही परिवार का चिराग बुझ गया।