स्नान के दौरान तालाब में डूबे दो किशोर, इलाज से पहले तोड़ा दम
✒️ परवेज अख्तर / एडिटर इन चीफ
जामो बाजार थाना क्षेत्र के बलडीहा गांव में मचा कोहराम, ग्रामीणों ने तालाब से निकाले शव
सीवान: जिले के जामो बाजार थाना क्षेत्र अंतर्गत बलडीहा गांव में शनिवार शाम दर्दनाक हादसा हो गया, जहां तालाब में डूबने से दो किशोरों की मौत हो गई। मृतकों की पहचान गांव निवासी मनोज कुमार यादव के 14 वर्षीय पुत्र बबलू कुमार एवं स्व. भगवान लाल यादव के 17 वर्षीय पुत्र निखिल कुमार के रूप में हुई है।
जानकारी के अनुसार दोनों छात्र स्कूल से पढ़ाई कर लौटने के बाद शाम करीब 4 बजे गांव के समीप एक तालाब में स्नान करने गए थे। स्नान के दौरान गहराई में जाने से दोनों डूबने लगे। वहां से गुजर रहे राहगीरों ने शोर मचाया और तत्काल ग्रामीणों को सूचना दी।
सूचना मिलते ही ग्रामीण मौके पर पहुंचे और बच्चों को तालाब से बाहर निकालकर तुरंत अस्पताल पहुंचाया, लेकिन चिकित्सकों ने जांच के बाद दोनों को मृत घोषित कर दिया।
बताया जाता है कि बबलू कुमार नौवीं कक्षा का छात्र था जबकि निखिल कुमार ग्यारहवीं में पढ़ता था। इस घटना के बाद गांव में मातम पसरा हुआ है और परिजनों का रो-रो कर बुरा हाल है।
घटना की सूचना मिलते ही जामो बाजार थाना की पुलिस मौके पर पहुंची और दोनों शवों को पोस्टमार्टम के लिए सिवान सदर अस्पताल भेज दिया।