✒️ परवेज अख्तर / एडिटर इन चीफ
सिवान नगर परिषद की पूर्व सभापति और भाजपा की नवनियुक्त महामंत्री अनुराधा गुप्ता ने किया ऐलान – 2025 विधानसभा चुनाव लड़ने को तैयार
सिवान: नगर परिषद की पूर्व सभापति और सिवान भाजपा की नवनियुक्त महामंत्री अनुराधा गुप्ता ने 2025 के विधानसभा चुनाव में उतरने का ऐलान कर दिया है। उन्होंने स्पष्ट कहा कि यदि पार्टी उन पर विश्वास जताती है, तो वे सिवान सदर 105 विधानसभा क्षेत्र से एनडीए उम्मीदवार के तौर पर चुनाव जरूर लड़ेंगी।
हाल ही में जब पत्रकारों ने उनसे पूछा कि क्या वे विधानसभा चुनाव लड़ने की तैयारी में हैं, तो उन्होंने आत्मविश्वास से जवाब दिया – “बिल्कुल, मैं चुनाव लड़ूंगी। हर कार्यकर्ता की यह इच्छा होती है कि वह अपनी सेवा को बड़े स्तर पर ले जाए। हालांकि अंतिम निर्णय संगठन का होता है, लेकिन मैं संगठन से अनुरोध अवश्य करूंगी कि मुझे यह अवसर दिया जाए।”
‘संगठन मेरी मां है, और बच्चा अपनी मां से मांग ही सकता है’
अनुराधा गुप्ता ने अपने संगठन प्रेम को व्यक्त करते हुए कहा – “संगठन मेरी मां है। एक बच्चा अपनी मां से अपनी इच्छा तो रख ही सकता है। मैं संगठन से निवेदन करूंगी कि मुझे टिकट देकर सेवा का अवसर प्रदान किया जाए।” उन्होंने आगे कहा, “हमारा संगठन दुनिया का सबसे बड़ा संगठन है। यहां केवल सत्ता के लिए आने वाले लोग ज्यादा समय टिक नहीं पाते, क्योंकि यहां सेवा ही सबसे बड़ा मूल्य है।”
‘राजनीति में महिला स्वतंत्र भी हो सकती है, अधीन नहीं’
राजनीति में महिलाओं की भूमिका पर बात करते हुए अनुराधा गुप्ता ने समाज की आम सोच को चुनौती दी। उन्होंने कहा, “अक्सर देखा जाता है कि अगर कोई महिला सत्ता में होती है, तो उसके निर्णय पति या परिवार के पुरुष सदस्य लेते हैं। लेकिन मैं खुद निर्णय लेने वाली नेता हूं। राजनीति में मेरा मार्गदर्शन मैंने खुद चुना है और हर कदम पर निर्णय स्वयं लिए हैं।”
राजनीतिक यात्रा का आरंभ एक पीड़ा से
अपनी राजनीतिक यात्रा का उल्लेख करते हुए अनुराधा गुप्ता ने बताया कि वर्ष 2008 में नगर परिषद की तत्कालीन सभापति रुनु गुप्ता की सड़क दुर्घटना में मृत्यु हो गई थी। रुनु गुप्ता उनकी ननद थीं। उसी हादसे के कारण उन्हें सक्रीय राजनीति में आना पड़ा था।उन्होंने कहा, “मैंने राजनीति को सेवा का माध्यम समझा और तभी से भाजपा के साथ जुड़कर 20 वर्षों से लगातार जनसेवा में लगी हूं।”
राजनीतिक अनुभव और संगठन में भूमिका
अनुराधा गुप्ता ने भाजपा से लंबे समय से जुड़ी रही हैं। वह पूर्व में भाजपा उपाध्यक्ष रह चुकी हैं और हाल ही में उन्हें जिला महामंत्री की जिम्मेदारी सौंपी गई है। नगर परिषद के चुनाव में सभापति पद की उम्मीदवार रह चुकीं अनुराधा गुप्ता ने वहां भी कड़ी टक्कर दी थी और दूसरे स्थान पर रही थीं।
वैश्य समाज की मजबूत आवाज
सिवान के वैश्य समाज में अनुराधा गुप्ता एक सशक्त महिला प्रतिनिधि के तौर पर देखी जाती हैं। समाज के लोग उन्हें एक ईमानदार, शिक्षित और दृढ़ विचारों वाली नेता मानते हैं।
चुनाव लड़ने की मंशा क्यों?
इस सवाल पर उन्होंने कहा, “चुनाव मेरे लिए सत्ता नहीं, सेवा का अवसर है। मैं चाहती हूं कि मैं अपने क्षेत्र के लोगों की समस्याओं को विधानसभा में उठा सकूं और उनके लिए काम कर सकूं। अगर संगठन मुझे यह जिम्मेदारी देता है, तो मैं उसे पूरी ईमानदारी से निभाऊंगी।”
जनता से अपील
अंत में अनुराधा गुप्ता ने जनता से अपील की कि वे राजनीति में ईमानदार और निष्ठावान कार्यकर्ताओं को आगे लाने में सहयोग करें। उन्होंने कहा, “मैं सिवान की बेटी हूं,सिवान की बहू हूँ और जनसेवा का एक ही उद्देश्य है – हर वर्ग, हर समाज की आवाज बन सकूं।”