✍🏽 परवेज़ अख़्तर/एडिटर इन चीफ
बिजली विभाग की लापरवाही पर ग्रामीणों में आक्रोश, जर्जर तारों को बदलने की मांग
गोरेयाकोठी (सीवान): थाना क्षेत्र के हरपुर-दुधड़ा मार्ग पर बांसघाट बाजार के समीप मंगलवार शाम एक दर्दनाक हादसे में ट्रक चालक की करंट लगने से मौत हो गई। मृतक की पहचान बड़हरिया थाना क्षेत्र के बभनबारा निवासी बहादुर यादव के पुत्र गुड्डू कुमार के रूप में हुई।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, गुड्डू कुमार ट्रक पर बालू लेकर बाजार के समीप पहुंचा था। बालू गिराने के बाद जब वह घर लौट रहा था, तभी ट्रक ऊपर से गुजर रहे उच्च क्षमता वाले विद्युत तार की चपेट में आ गया, जिससे चालक करंट की चपेट में आकर झुलस गया। हादसे की सूचना मिलते ही स्थानीय लोग घटनास्थल पर जुट गए। ग्रामीणों ने बिजली विभाग को सूचना देकर विद्युत आपूर्ति बंद कराई और घायल चालक को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया।
इस घटना के बाद स्थानीय ग्रामीणों में आक्रोश है। लोगों का कहना है कि बिजली विभाग की लापरवाही के कारण ऐसी घटनाएं आए दिन हो रही हैं, लेकिन विभाग कोई ठोस कदम नहीं उठा रहा। जिला पार्षद हनीफ अंसारी ने बताया कि वे तीन वर्षों से क्षेत्र के जर्जर विद्युत तारों को बदलने की मांग कर रहे हैं, लेकिन कोई कार्रवाई नहीं की गई। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, जिस स्थान पर यह घटना हुई, वहां बिजली का तार ट्रक से महज पांच से सात इंच की ऊंचाई पर था, जिससे हवा के झोंके से तार ट्रक से टकरा गया और केबिन में आग लग गई।
सूचना मिलते ही स्थानीय थाना पुलिस मौके पर पहुंची और मामले की जांच में जुट गई।