✍🏽परवेज़ अख़्तर/एडिटर इन चीफ
भरटोलिया गांव में अचानक लगी आग से भारी नुकसान, एक मवेशी झुलसा, कागजात से लेकर फर्नीचर तक सब जलकर राख
आंदर थाना क्षेत्र के भरटोलिया गांव में रविवार को विद्युत शॉर्ट सर्किट से निकली चिंगारी ने एक घर को अपनी चपेट में ले लिया। आग की इस घटना में चार बकरियां जलकर मर गईं, एक मवेशी झुलस गया, जबकि करीब दो लाख की संपत्ति जलकर राख हो गई।
रविवार को दोपहर भरटोलिया गांव में अचानक शॉर्ट सर्किट से एक घर में आग लग गई। आग की लपटें इतनी तेज थीं कि घर में बंधी चार बकरियां मौके पर ही जल गईं। एक मवेशी बुरी तरह झुलस गया, जिसे इलाज के लिए ले जाया गया है।
घटना के दौरान घर में रखे अनाज, कपड़े, फर्नीचर, बर्तन, जरूरी कागजात समेत करीब दो लाख रुपये की संपत्ति पूरी तरह जलकर नष्ट हो गई। जैसे ही आग लगी, गांव में हड़कंप मच गया और ग्रामीण आग बुझाने में जुट गए। काफी प्रयासों के बाद आग पर काबू पाया जा सका।घटना के बाद पीड़ित परिवार को गहरा नुकसान झेलना पड़ा है। प्रशासन को इस अगलगी की सूचना दे दी गई है, हालांकि समाचार लिखे जाने तक किसी प्रकार की सरकारी सहायता नहीं पहुंची थी।